कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में स्कूली बच्चों ने बिखेरी प्रतिभा

टिहरी गढ़वाल। सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या स्कूली बच्चों के नाम रही। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, कुमाऊंनी और जौनसारी गीतों पर पारंपरिक वेशभूषा में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कड़ाके की ठंड के बावजूद कार्यक्रम सुबह पांच बजे तक चला और दर्शक भोर तक पंडाल में डटे रहे।
प्रतियोगिता की अनिवार्य श्रेणी के बालिका वर्ग में गुरु राम राय पब्लिक स्कूल नरेंद्रनगर प्रथम, राजमाता बालिका इंटर कॉलेज भागीरथीपुरम नई टिहरी द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नरेंद्रनगर तृतीय स्थान पर रहा। बालक वर्ग में माउंट कार्मल क्रिश्चियन एकेडमी नरेंद्रनगर ने प्रथम और राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवधार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। ऐच्छिक श्रेणी के बालिका वर्ग में माउंट कार्मल क्रिश्चियन एकेडमी प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज दौंक जौनपुर द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नरेंद्रनगर तृतीय रहा। बालक वर्ग में गुरु राम राय पब्लिक स्कूल प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज दौंक जौनपुर द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नरेंद्रनगर तृतीय स्थान पर रहा। मेला समिति ने सभी प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना की। पुलिस प्रशासन और समिति की मुस्तैदी से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
