निर्माणाधीन रेलवे टनल में मॉकड्रिल कर परखी सुरक्षा

चमोली। गौचर स्थित निर्माणाधीन रेलवे टनल में मंगलवार को संभावित हादसों से निपटने के लिए आपातकालीन मॉकड्रिल आयोजित की गई। इसका उद्देश्य राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी परखने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत करना था।
मॉकड्रिल में कर्णप्रयाग पुलिस, स्थानीय प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग तथा मेघा कंपनी के कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान आपात स्थिति में राहत-बचाव कार्यों, विभागीय जिम्मेदारियों और त्वरित प्रतिक्रिया का अभ्यास किया गया। अधिकारियों ने सभी संबंधित टीमों को मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने तथा आपसी समन्वय के साथ बिना देरी प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अभ्यास के माध्यम से संभावित दुर्घटनाओं के दौरान बेहतर तैयारी, सतर्कता और कार्यक्षमता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
