नौकरी छोड़ गांव लौटे नीरज भट्ट, एरोपोनिक्स तकनीक से गोपेश्वर में उगा रहे केसर

चमोली। पहाड़ में स्वरोजगार और रिवर्स पलायन की मिसाल बने गोपेश्वर निवासी नीरज भट्ट आधुनिक एरोपोनिक्स तकनीक से केसर का उत्पादन कर रहे हैं। बायोटेक्नोलॉजी में बीटेक करने के बाद निजी कंपनियों में नौकरी कर चुके नीरज ने पहाड़ में कुछ नया करने के संकल्प के साथ नौकरी छोड़कर अपने गृह जनपद लौटने का निर्णय लिया।
शुरुआत में उन्होंने लीज पर भूमि लेकर उद्यान विभाग के सहयोग से पॉलीहाउस स्थापित किया और लिलियम फूलों का उत्पादन शुरू किया। इसके बाद कीवी उत्पादन भी किया। इंटरनेट के माध्यम से एरोपोनिक्स तकनीक से केसर उत्पादन की जानकारी मिलने पर उन्होंने अध्ययन किया और वर्ष 2024 में गोपेश्वर में इसकी शुरुआत की। पहली फसल से उन्हें करीब एक लाख रुपये मूल्य की केसर प्राप्त हुई।
उद्यान विभाग के सहयोग से उनकी केसर उत्पादन यूनिट के लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत 20 लाख रुपये की परियोजना स्वीकृत हुई है। इसमें 35 प्रतिशत केंद्र और 25 प्रतिशत राज्य सरकार का अनुदान निर्धारित है, जबकि शेष धनराशि ऋण के रूप में उपलब्ध कराई जाती है। नीरज की पहल पहाड़ के युवाओं को आधुनिक तकनीक अपनाकर अपने क्षेत्र में ही रोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!