मुनि की रेती में अंडर-19 ग्रैपलिंग प्रतियोगिता का समापन

टिहरी। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर एवं ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ टिहरी गढ़वाल के संयुक्त तत्वावधान में पूर्णानंद खेल मैदान में आयोजित अंडर-19 बालक-बालिका ग्रैपलिंग प्रतियोगिता का समापन हुआ। मुख्य अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान सहित अतिथियों ने युवाओं को खेलों से जुड़ने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। निर्णायक मंडल ने प्रतियोगिता को निष्पक्ष एवं सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, नवीन रयाल, अनुज गौड़ और दीपाली रयाल सहित आयोजकों ने सहयोग के लिए सभी अतिथियों, निर्णायकों और खिलाड़ियों का आभार जताया।
