लूटपाट के प्रयास में धक्का देने से हुई थी व्यक्ति की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात व्यक्ति के शव की जांच के दौरान पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने व्यक्ति के साथ मारपीट कर पैसे छीनने का प्रयास किया था। इस दौरान धक्का लगने से वह सड़क पर गिर गया और अंदरूनी चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह कंट्रोल रूम से राजा रानी वेडिंग पॉइंट के पास एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने पर शव को 72 घंटे मोर्चरी में रखकर शिनाख्त के प्रयास किए गए। पहचान नहीं होने पर पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जांच के दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में दो संदिग्ध व्यक्ति मृतक के पीछे जाते दिखाई दिए। फुटेज में एक व्यक्ति मृतक के साथ मारपीट कर उसे धक्का देता नजर आया। इसके बाद दोनों मौके से चले गए और कुछ देर बाद लौटकर उसे जांचते दिखाई दिए।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले तथा 100 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को पटेलनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशरफ उर्फ काला (26), निवासी ब्राह्मणवाला, पटेलनगर और सफदर (36), निवासी जीवनगढ़, विकासनगर, हाल निवासी ब्राह्मणवाला के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शराब के ठेकों के आसपास अत्यधिक नशे में जा रहे लोगों को चिन्हित कर सुनसान स्थान पर उनका पीछा करते और पैसे व सामान छीनने का प्रयास करते थे। 19 अक्टूबर की रात भी उन्होंने मृतक को निशाना बनाया था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
