हर की पैड़ी पर शांतिकुंज के स्वयंसेवकों ने चलाया गंगा स्वच्छता अभियान
 

हरिद्वार। विश्वप्रसिद्ध तीर्थस्थल हर की पैड़ी पर गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के 200 से अधिक स्वयंसेवकों ने गंगा स्वच्छता अभियान चलाया। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग और शांतिकुंज के संयुक्त प्रयास से वीआईपी घाट से हाथी पुल तक सफाई की गई। इस दौरान गंगा क्षेत्र में जमा पुराने कपड़े, प्लास्टिक, कांच और अन्य अपशिष्ट सामग्री निकालकर कई ट्रॉलियों में भरकर हटाई गई।
जिला प्रशासन के आग्रह और देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष एवं जन्मशताब्दी समारोह के दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या के निर्देश पर आयोजित अभियान का शुभारंभ गायत्री मंत्र और स्वस्तिवाचन के साथ हुआ। इसमें शांतिकुंज के स्वयंसेवकों के साथ विभिन्न राज्यों से आए साधकों और प्रशिक्षणार्थियों ने भी श्रमदान किया।
डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने अपने संदेश में कहा कि गंगा की स्वच्छता बनाए रखना सरकार और प्रशासन के साथ प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गंगा में प्लास्टिक, कपड़े, खंडित मूर्तियां और अन्य अपशिष्ट सामग्री न डालने की अपील की। उन्होंने बताया कि गायत्री परिवार कई दशकों से गंगा स्वच्छता और संरक्षण के अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।
अभियान में सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी विकास त्यागी और भारत भूषण, आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत तथा शांतिकुंज आपदा प्रबंधन विभाग के मंगल सिंह गढ़वाल सहित अनेक कार्यकर्ता और प्रतिनिधि शामिल रहे। अभियान के माध्यम से गंगा घाटों की सफाई के साथ नदी संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!