कुष्ठ रोगियों को स्वास्थ्य, राशन, पेंशन और दिव्यांगता प्रमाण पत्र की दिलाएं सुविधा


हरिद्वार। राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के विशेष मॉनिटर डॉ. प्रदीप्त कुमार नायक ने जिला कार्यालय सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर कमजोर एवं वंचित वर्गों के कल्याण और मानवाधिकारों के संरक्षण की समीक्षा की। उन्होंने कुष्ठ रोगियों के पुनर्वास के साथ उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं, दवाएं, राशन कार्ड, पेंशन और दिव्यांगता प्रमाण पत्र सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डॉ. नायक ने कहा कि कुष्ठ रोगियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए केवल उपचार ही नहीं, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक सहयोग भी जरूरी है। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागवार चिन्हीकरण किया जाए और जिनके आवश्यक दस्तावेज नहीं हैं, उन्हें उपलब्ध कराने में विभाग सहयोग करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी पात्र व्यक्ति को दस्तावेजों के अभाव में योजनाओं के लाभ से वंचित न रखा जाए। निर्बल, दिव्यांग एवं वंचित लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने क्षेत्र में जाकर पात्र लाभार्थियों की स्थिति की जानकारी लेने और योजनाओं के लाभ की नियमित निगरानी करने को कहा। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!