कुंजापुरी मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या में बच्चों ने बिखेरे प्रतिभा के रंग

टिहरी। सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या स्कूली बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों के नाम रही। गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, क्रिश ज्योति और आंचल विद्या भारती के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत और नाटक से दर्शकों का मन मोह लिया।
क्रिश ज्योति के बच्चों ने मराठी रीमिक्स पर नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि आंचल विद्या भारती के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और बॉलीवुड रीमिक्स पर प्रस्तुति दी। गुरु राम राय पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मोबाइल फोन की लत पर आधारित नाटक से जागरूकता का संदेश दिया। प्राथमिक विद्यालय वर्ग की प्रतियोगिता में एसजीआरआर पब्लिक स्कूल ने ऐच्छिक और अनिवार्य दोनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिशु विद्या मंदिर नरेंद्रनगर दोनों वर्गों में दूसरे स्थान पर रहा। उच्च वर्ग की प्रतियोगिता में अनिवार्य वर्ग में राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर और ऐच्छिक वर्ग में राजकीय पॉलीटेक्निक नरेंद्रनगर ने प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने नंदा देवी राजजात और गढ़वाली लोकगीतों सहित विभिन्न सांस्कृतिक विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।
