कुंभ-2027 की तैयारियां तेज, मेलाधिकारी सोनिका ने किया निरीक्षण, दिए निर्देश


हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए मेलाधिकारी सोनिका ने मंगलवार को बैरागी कैंप से शंकराचार्य चौक तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सफाई, सौंदर्यीकरण, सड़क सुधार और प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।
मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप प्रवेश द्वार, आईरिस पुल के आसपास और फ्लाईओवर के नीचे के क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जमा मलबा हटाने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और सौंदर्यीकरण के कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा। सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक स्थानों पर दीवार बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि क्षेत्र को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सके।
आईरिस पुल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि कुंभ में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए प्रमुख मार्गों और पुलों के आसपास सुरक्षित एवं सुचारु व्यवस्थाएं जरूरी हैं। इसके लिए विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करें।
शंकराचार्य चौक पर मेलाधिकारी ने सौंदर्यीकरण और फसाड संबंधी कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप देने के लिए आवश्यक कार्य समय पर पूरे करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डाम कोठी मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि शंकराचार्य चौक और आसपास सड़क की स्थिति तथा उपलब्ध स्थान के अनुरूप आकर्षक साज-सज्जा की जाए। सड़क किनारे लगे विद्युत एवं अन्य खंभों को यातायात में बाधा बनने से रोकने के लिए उचित स्थानों पर स्थानांतरित किया जाए। इसके लिए हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) और नगर निगम को समन्वय से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ के विकास कार्यों में श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ शहर के समग्र स्वरूप को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जाए। प्रमुख मार्गों, चौराहों और प्रवेश क्षेत्रों को इस तरह विकसित किया जाए कि आवागमन सुगम रहे और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिले।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी, पीआईयू के अभियंता सरीन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!