खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, 13 किलो कुट्टू का आटा नष्ट

हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को सिडकुल क्षेत्र में छापेमारी कर दो प्रतिष्ठानों से कुट्टू के आटे के नमूने लिए। बिना लाइसेंस कारोबार करने और निर्माण व एक्सपायरी तिथि अंकित नहीं होने पर कुल 13 किलो खुला कुट्टू का आटा नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में टीम ने महादेवपुरम स्थित शैलेष प्रोविजन स्टोर और शिवम विहार कॉलोनी के महादेव ट्रेडर्स का निरीक्षण किया। शैलेष प्रोविजन स्टोर से पांच किलो तथा महादेव ट्रेडर्स से आठ किलो आटा नष्ट कराया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। विभाग के अनुसार, शैलेष कुमार और महादेव ट्रेडर्स के मालिक पंकज कुमार के विरुद्ध न्यायालय में वाद दायर करने की तैयारी है। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
