जिलाधिकारी ने कम मतदान वाले बूथों पर 75 प्रतिशत से अधिक मतदान का लक्ष्य किया निर्धारित


देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विगत चुनावों में 50 प्रतिशत से कम मतदान वाले बूथों पर विशेष अभियान चलाकर 75 प्रतिशत से अधिक मतदान का लक्ष्य निर्धारित किया है।
स्वीप कार्यक्रम के तहत विभिन्न शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पूर्ति, उद्योग, खेल, श्रम, पंचायती राज, परिवहन, विद्युत, दूरसंचार, वाणिज्य कर, एमडीडीए और नगर निगम सहित संबंधित विभागों को विशेष गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के अंतर्गत मसूरी स्थित सनातन धर्म इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं को मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता की भूमिका की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव देने के लिए विद्यालय में छात्र परिषद के चुनाव लोकतांत्रिक प्रणाली के अनुरूप कराए गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर चुनाव प्रक्रिया को समझा।
वहीं, जोड़ी गांव में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में ग्रामीणों को आगामी चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और विकासखंड स्तरीय कार्यालयों को कम मतदान वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य अधिकाधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ाना है, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!