क्षेत्राधिकारी ने किया मुनिकीरेती थाने का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण

टिहरी। क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर सुरेंद्र सिंह भंडारी ने थाना मुनिकीरेती का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं, अभिलेखों, शस्त्रों, आपदा उपकरणों और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। उन्होंने थाना परिसर, मालखाना, भोजनालय, आगंतुक कक्ष, महिला एवं शिशु सहायता पटल, सीसीटीएनएस कक्ष तथा सीसीटीवी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शासकीय शस्त्रों, आपदा एवं दंगारोधी उपकरणों का जीपी लिस्ट से मिलान कर भौतिक सत्यापन किया गया और उन्हें व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। सीओ ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए विवेचकों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। सीसीटीएनएस पर 60 और 90 दिन के अलर्ट नियमित रूप से देखने तथा अनावश्यक रूप से मामले लंबित न रखने को कहा। आईआईएफ फॉर्म और ऑनलाइन पोर्टलों पर रिपोर्ट समय से अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा। निरीक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान, वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेश चंद्र पांडेय सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
