खेल महाकुंभ में पौड़ी विधानसभा ने किया ट्रॉफी पर कब्जा


पौड़ी। खेल महाकुंभ-2026 के तहत रांसी स्टेडियम पौड़ी में आयोजित सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी का समापन हुआ। सर्वाधिक अंक अर्जित कर पौड़ी विधानसभा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए ट्रॉफी और दो लाख रुपये की धनराशि जीती। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विजेता टीम को ट्रॉफी व चेक प्रदान किया। प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण-पत्र और शील्ड भी दिए गए।
प्रतियोगिता में पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार, चौबट्टाखाल, लैंसडौन, यमकेश्वर, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, देवप्रयाग, नरेंद्रनगर और रामनगर सहित 11 विधानसभाओं के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। फुटबॉल, बैडमिंटन, मलखंब, एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, वालीबॉल, रस्सा-कस्सी सहित विभिन्न खेलों में मुकाबले हुए। पारंपरिक खेल मुर्गा झपट और गोली-कंचा आकर्षण का केंद्र रहे। सीडीओ ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ निरंतर अभ्यास करने का आह्वान किया। प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ और मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!