खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, मिठाइयों के लिए छह नमूने
श्रीनगर गढ़वाल। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को श्रीनगर में जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न मिठाई विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों से मलाई बर्फी, मिल्क केक, मावा, बेसन लड्डू और आटा लड्डू सहित छह नमूने लिए गए।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पीसी जोशी ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषणशाला रुद्रपुर भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। टीम ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने और मिठाइयों पर निर्माण व उपयोग की अंतिम तिथि प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। अभियान में प्रभारी तहसीलदार दीपक भंडारी और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा मौजूद रहे।
