कौशल विकास से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर दिया जोर

पौड़ी। जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की पहली बैठक आयोजित हुई। इसमें युवाओं को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला कौशल विकास योजना 2026-31 को जनपद की आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप तैयार करने पर चर्चा हुई। इको टूरिज्म, पर्वतीय कृषि, कृषि प्रसंस्करण, डिजिटल क्षेत्र, हरित कौशल और पारंपरिक हस्तशिल्प को प्राथमिकता वाले क्षेत्र के रूप में विकसित करने पर विचार किया गया। सीडीओ ने विभागों को आपसी समन्वय से प्रशिक्षण, अप्रेंटिसशिप और रोजगार के अवसर बढ़ाने के निर्देश दिए। आईटीआई और प्रशिक्षण संस्थानों को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देने तथा युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, परियोजना निदेशक विवेक कुमार उपाध्याय, सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
