जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, फील्ड ट्रेनर्स को दिया प्रशिक्षण

पौड़ी। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। पहले दिन फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया गया, जो आगे पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को प्रशिक्षण देंगे।
मास्टर ट्रेनर गुंजन अमरोही ने जनगणना को राष्ट्रीय महत्व की जिम्मेदारी बताते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार निष्पक्षता और सावधानी से जानकारी जुटाने पर जोर दिया। जनगणना निदेशालय के मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक ने प्रश्नावली के अनुरूप आंकड़े संकलित करने और त्रुटिरहित रिकॉर्ड तैयार करने की प्रक्रिया समझाई। इस चरण में प्रगणक घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित प्रश्नावली के 40 सवाल पूछेंगे। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर राकेश पोखरियाल, जिला प्रभारी जनगणना शिव कुमार और वीरेंद्र कुमार सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे।
