चमोली की 200 कुंतल कीवी दिल्ली रवाना, किसानों को मिलेगा बड़ा बाजार

चमोली। चमोली की कीवी पहली बार बड़े स्तर पर दिल्ली की आजादपुर मंडी पहुंचाई जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने विकास भवन परिसर से 200 कुंतल कीवी की खेप को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मिशन कीवी के तहत जनपद में करीब 800 काश्तकार 62 हेक्टेयर भूमि पर कीवी का उत्पादन कर रहे हैं। इस वर्ष 500 कुंतल से अधिक उत्पादन हुआ है। उद्यान विभाग किसानों को तकनीकी सहयोग और पैकेजिंग सामग्री उपलब्ध कराने के साथ विपणन में भी मदद कर रहा है। मुख्य उद्यान अधिकारी नितेंद्र सिंह के अनुसार, वर्ष 2026-27 में 60 हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र में कीवी की खेती का विस्तार करने और करीब 400 नए किसानों को इससे जोड़ने का लक्ष्य है। इस पहल से स्थानीय उत्पादकों को बड़े बाजार तक पहुंच बनाने और अपनी उपज के विपणन के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
