कैबिनेट मंत्री ने बीरोंखाल को दी 4.4 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत बीरोंखाल में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने शिविर का शुभारंभ कर क्षे6त्रवासियों की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने बीरोंखाल में 1.34 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज के नवीन भवन एवं कक्षा-कक्षों का शिलान्यास किया। वहीं 21.40 लाख रुपये से निर्मित राजकीय प्राथमिक विद्यालय भवन और रसिया महादेव में 3.85 करोड़ रुपये की लागत से बने 24 शैय्याओं वाले पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण किया। उन्होंने चितौणखाल तक मोटर मार्ग मिलान के लिए चार लाख और हिंडोला गैरी से हनुमान गद्दी-बड़ेस ढय्या संपर्क मार्ग के लिए तीन लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा की। मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के साथ किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और जलवायु अनुकूल कृषि को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दे रही है।
