ग्रामीणों की सुनी शिकायतें, मौके पर किया निस्तारण

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर विकासखंड जखोली के ग्राम रौंठिया में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सन्दीप भट्ट ने की। ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित चार शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें तीन का मौके पर ही निस्तारण किया गया। पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायत पर संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग ने ग्रामीणों को स्वरोजगार, पशुपालन एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान गिरीश सिंह सहित अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
