काफलीगैर में खुलेगा राजकीय महाविद्यालय, 18 पदों को मिली मंजूरी
प्रदीप कुमार / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। बागेश्वर जिले के काफलीगैर में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना को शासन से मंजूरी मिल गई है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुमोदन के बाद शासनादेश जारी किया गया है। महाविद्यालय के संचालन के लिए शिक्षण एवं शिक्षणेत्तर संवर्ग के कुल 18 पद भी स्वीकृत किए गए हैं।
स्वीकृत पदों में प्राचार्य, हिन्दी, अंग्रेजी, समाजशास्त्र, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति शास्त्र और संस्कृत के असिस्टेंट प्रोफेसर, पुस्तकालयाध्यक्ष, वरिष्ठ सहायक, पुस्तकालय लिपिक और बुक लिफ्टर के एक-एक पद शामिल हैं। कनिष्ठ सहायक, अनुसेवक तथा स्वच्छक-कम-चौकीदार के दो-दो पद स्वीकृत किए गए हैं। इनमें 13 नियमित और पांच आउटसोर्स पद हैं। डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक विकासखंड में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नए महाविद्यालय स्थापित कर रही है। काफलीगैर महाविद्यालय में नियमानुसार नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जाएगी और संचालन विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के मानकों के अनुरूप होगा। उन्होंने रोजगारपरक एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के लिए यूजीसी और एआईसीटीई से मान्यता की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के लिए भूमि और भवन की व्यवस्था कर छात्र-छात्राओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!