आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला: डॉ. धन सिंह रावत
विकास गर्ग / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
पौड़ी। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने सोमवार को पाबो विकासखंड के जितोली, सांकरसैंण और चिपलघाट सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने के साथ बहुउद्देशीय शिविर एवं जनता दरबार में जनसमस्याएं सुनीं।
जितोली में आयोजित ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम में डॉ. रावत ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, महिलाओं और ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास, पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और संस्कार निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने पर जोर दिया। राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैंण में सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता में उन्होंने छात्र-छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की। चिपलघाट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर सुविधाओं की जानकारी भी ली। इस दौरान डॉ. रावत ने निर्माणाधीन खुण्डेश्वर स्टेडियम का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्टेडियम बनने से युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!