कांग्रेस नेता ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर सरकार से मांगी पारदर्शिता

लक्सर। पूर्व राज्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता रविंद्र सिंह आनंद ने स्मार्ट मीटरों पर अडानी का नाम दर्ज होने को लेकर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं भविष्य में यूपीसीएल को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी तो नहीं की जा रही है। आनंद ने स्मार्ट मीटर के टेंडर, निजी कंपनियों की भूमिका, भुगतान व्यवस्था, कंपनी का नाम दर्ज होने के कारण और उपभोक्ता डेटा की सुरक्षा संबंधी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजली आम आदमी, किसान और छोटे कारोबारियों की मूलभूत जरूरत है। लक्सर और हरिद्वार क्षेत्र के किसान पहले से बिजली, सिंचाई और कृषि संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। आनंद ने यूपीसीएल के संभावित निजीकरण पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने और स्मार्ट मीटर व्यवस्था पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की।
