जनता को बेवजह न करें परेशान, समस्याओं का समय पर करें समाधान

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा और अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें 137 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकांश मामले भूमि विवाद, कब्जे और अतिक्रमण से संबंधित रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों का परीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
विकासनगर निवासी सुनील पठानिया ने बिना जानकारी 99 हजार रुपये यूपीआई से दूसरे खाते में ट्रांसफर होने की शिकायत की। मामले में सीओ विकासनगर को जांच के निर्देश दिए गए। लखवाड़ बांध प्रभावित ग्रामीणों ने पुनर्स्थापना अनुदान से वंचित पात्र परिवारों को लाभ दिलाने की मांग की। अधिकारियों ने सभी प्रकरणों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जनसुनवाई में 68 शिकायतें दर्ज, 32 का मौके पर निस्तारण
हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से संबंधित 68 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 32 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतें संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजी गईं। राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड से संबंधित मामले प्रमुख रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थलीय निरीक्षण वाले मामलों में विभागीय समन्वय से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की भी समीक्षा की गई। 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। एल-1 की 290 और एल-2 की 84 शिकायतें लंबित पाई गईं।

जनता दरबार में डीएम ने सुनी जनसमस्याएं
टिहरी। जिला सभागार नई टिहरी में सोमवार को जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जनता दरबार आयोजित हुआ। इसमें पेयजल, ग्राम पंचायत, विद्युत, वन, शिक्षा और लोक निर्माण विभाग से संबंधित 70 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निस्तारित प्रकरणों को तत्काल पोर्टल पर अपडेट करने को कहा।

जनसमस्याओं का प्राथमिकता पर करें निस्तारण
पौड़ी। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जनता दर्शन आयोजित किया गया। इसमें सड़क, शिक्षा, आंगनबाड़ी, पेयजल, विद्युत, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, वन्यजीव, आपदा और अतिक्रमण सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी 36 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
25 शिकायतें दर्ज, 11 का मौके पर निस्तारण
रुद्रप्रयाग। जिला सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने 25 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें 11 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की भी समीक्षा की, जिसमें एल-1 की 99 और एल-2 स्तर की 16 शिकायतें लंबित मिलीं। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर पोर्टल पर अद्यतन स्थिति दर्ज करने को कहा।
