कुंभ-2027: गंगा नहर बंदी में घाट निर्माण की बड़ी चुनौती पार, महत्वपूर्ण कार्य समयसीमा में पूरे

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में घाटों के निर्माण और मरम्मत से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य गंगा नहर बंदी की अवधि में निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे कर लिए गए हैं। सामान्य जलप्रवाह शुरू होने के बाद जिन कार्यों को करना संभव नहीं था, उन्हें क्लोजर अवधि में दिन-रात काम कराकर पूरा किया गया। इसके साथ ही घाट निर्माण से जुड़ी बड़ी तकनीकी चुनौती भी पार कर ली गई है।
मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर क्लोजर अवधि का प्रभावी उपयोग करते हुए घाटों के जलमग्न हिस्सों और नदी तल में जलस्तर से नीचे किए जाने वाले निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी गई। कार्यों की समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी भी की गई।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल ने बताया कि कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरिद्वार में लगभग सवा तीन किलोमीटर लंबाई में 10 नए घाटों का निर्माण कराया जा रहा है। इनका अधिकांश निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्य 30 नवंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अपर गंगा कैनाल के 34 और एस्केप चौनल के 22 पुराने घाटों के जलमग्न हिस्सों की मरम्मत भी क्लोजर अवधि में पूरी कर ली गई है। अब सामान्य जलप्रवाह शुरू होने के बाद घाटों के जलस्तर से ऊपर के निर्माण, सौंदर्यीकरण और फिनिशिंग का कार्य तेजी से कराया जाएगा।
अनुभव नौटियाल ने कहा कि शेष कार्य भी निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे, ताकि कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित घाट उपलब्ध कराए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!