जिला योजना समिति निर्वाचन: 20 पदों के लिए 47 नामांकन दाखिल

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में जिला योजना समिति के 20 पदों के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। इसमें कुल 47 नामांकन पत्र जमा किए गए।
सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानी ललित मोहन गोदियाल ने बताया कि पौड़ी नगरपालिका के एक पद पर दो, श्रीनगर नगर निगम के एक पद पर पांच, कोटद्वार नगर निगम के पांच पदों पर नौ और जिला पंचायत क्षेत्र के 13 पदों पर 31 नामांकन प्राप्त हुए। उन्होंने बताया कि 13 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 14 अक्टूबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। इसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न कराई जाएगी।
