दुबड़ी के पास खाई में गिरी कार, तीनों सवार सुरक्षित

टिहरी। टिहरी जिले के कुमाल्ड़ा चौकी क्षेत्र में ग्राम दुबड़ी के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 से 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार तीनों लोग सुरक्षित बच गए।
पुलिस के अनुसार 12 अक्टूबर की सुबह सूचना मिलने पर टीम घटनास्थल पर पहुंची। कार चालक राहुल मिश्रा ने बताया कि रात में अचानक जंगली जानवर सामने आने पर उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई। कार में राहुल मिश्रा सहित तीन सॉफ्टवेयर इंजीनियर सवार थे। दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तीनों हादसे के बाद कैब से देहरादून लौट गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई और कार स्वामी को दुर्घटना की सूचना दिए जाने की पुष्टि की।
