जिला पंचायत की बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क सुविधाओं के उठे मुद्दे

टिहरी। जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, स्वच्छता और पेयजल सुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव रखते हुए इनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया गया।
सदस्यों ने जिला अस्पताल टिहरी में डायलिसिस सुविधा शुरू करने, जन औषधि केंद्र खोलने, रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती और टेलीमेडिसिन सेवाओं का विस्तार करने की मांग की। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता और शासन स्तर पर चल रही प्रक्रिया की जानकारी दी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने संबंधित मामलों में की गई कार्रवाई से सदन को अवगत कराया। जिला पंचायत सदस्य सुनील प्रसाद जुयाल ने प्राथमिक विद्यालय कन्स्युड़ में शिक्षक नियुक्त करने, मैण्डखाल स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उच्चीकरण करने और बंगियाल-ज्वारना मोटर मार्ग के 2.50 किलोमीटर हिस्से पर डामरीकरण कराने की मांग उठाई। उन्होंने कण्डीसौड़ और मैण्डखाल में कूड़ा डंपिंग जोन स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा। सदस्य राजेंद्र रागड़ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कण्डीसौड़ में अल्ट्रासाउंड मशीन और क्षेत्र में 108 एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की। जन्म प्रमाण पत्र के लंबित मामलों पर सीएमओ ने बताया कि वर्तमान में कोई प्रकरण लंबित नहीं है। खोलगढ़ माजफ में एएनएम सेंटर की मांग पर उन्होंने बताया कि वहां उपकेंद्र संचालित है। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, ब्लॉक प्रमुख सुमन सजवाण, जिला पंचायत सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
