जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं होंगी मजबूत

उत्तरकाशी। जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मजबूती मिली है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अंजली सिसोदिया ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इससे बच्चों को जिला चिकित्सालय में नियमित विशेषज्ञ सेवाएं मिल सकेंगी। महानिदेशालय स्तर से एक सर्जन और एक बाल रोग विशेषज्ञ की रोस्टरवार सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जो सोमवार 5 अक्टूबर से शुरू होंगी। सीएमओ ने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से मरीजों को उपचार के लिए अनावश्यक रूप से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य सीमांत जनपद के नागरिकों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
