हरिद्वार में कांग्रेस कार्यकर्ता हाउस अरेस्ट, सरकार पर लगाए हठधर्मिता के आरोप

हरिद्वार। दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने सरकार पर विरोध की आवाज दबाने और हठधर्मिता के आरोप लगाए।
कांग्रेस कार्यकर्ता कैश खुराना और महेश प्रताप सिंह राणा ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचाने के लिए नए-नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली को छावनी में तब्दील कर विरोध प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है। यह अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है और संविधान प्रदत्त विरोध के अधिकार का हनन है। पार्षद विवेक भूषण विक्की और दिव्यांश अग्रवाल ने कहा कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को दबाया जा रहा है। वहीं, सतीश दाबडे और लक्की महाजन ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कार्यकर्ता ऐसी कार्रवाई से डरने वाले नहीं हैं और जनता आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।
