चमोली में श्रमिक स्वास्थ्य शिविर, 102 श्रमिकों की जांच

चमोली। मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत शनिवार को सिरोली मंडल में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसमें सिरोली मंडल सहित बणद्वारा, बैरागना, देवलधार, ग्वाड़, सगर और गंगोल गांवों के कुल 102 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद श्रमिकों को रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई गई।
शिविर में श्रमिकों को मुख्यमंत्री पोषाहार किट, स्वच्छता किट और शिक्षण किट वितरित कर स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। हेल्थ एटीएम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से आयोजित इन शिविरों में आधुनिक तकनीक से 44 प्रकार की जांच की जा रही हैं। इनमें रक्तचाप, ईसीजी, ऑक्सीजन स्तर, आंखों, कानों, त्वचा और मानसिक स्वास्थ्य की जांच शामिल हैं। योजना से श्रमिकों को गांव के नजदीक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।
