हल्द्वानी प्रकरण को लेकर भाजपा ने दिया सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना

देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद सामने आए कथित ‘शुद्धिकरण’ प्रकरण को लेकर भाजपा महानगर देहरादून ने सामाजिक सौहार्द संकल्प धरना एवं मार्च आयोजित किया।
महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सामाजिक एकता, राष्ट्रवाद और संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कांग्रेस पर जातीय राजनीति कर समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच से वास्तविकता सामने आनी चाहिए। दर्जाधारी राज्य मंत्री सुरेंद्र मोगा ने कहा कि भाजपा सभी वर्गों के सम्मान और सामाजिक समरसता के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, महापौर सौरभ थपलियाल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ब्लॉक परिसर में किया धरना प्रदर्शन
विकासनगर। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामाजिक सौहार्द, समानता और आपसी भाईचारे के संदेश को लेकर ब्लॉक परिसर में धरना प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष मीता सिंह एवं भगवत सिंह मकवाना ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सामाजिक एकता से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर नारे लगाए। वक्ताओं ने कहा कि समाज में सभी वर्गों को समान सम्मान और अधिकार मिलना चाहिए। जिलाध्यक्ष मीता सिंह और भगवत सिंह मकवाना ने कांग्रेस पर जातिवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए हल्द्वानी की घटना का उल्लेख किया। पूर्व विधायक कुलदीप कुमार ने सामाजिक सद्भाव बनाए रखने को सभी की जिम्मेदारी बताया। इस मौके पर विधायक सहदेव पुंडीर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने किया धरना-प्रदर्शन
पौड़ी। भाजपा अनुसूचित मोर्चा ने कलेक्ट्रेट परिसर में सामाजिक सौहार्द संकल्प के तहत एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कांग्रेस पर दलित समाज के नाम पर राजनीतिक स्वार्थ साधने और समाज में विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया। भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत ने कहा कि भाजपा बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों और सम्मान को आगे बढ़ा रही है। मुख्य वक्ता अमित मैखण्डी और विधायक राजकुमार पोरी ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष नरेंद्र टम्टा ने सामाजिक समरसता मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
