ग्रामीण उद्यमों का परियोजना निदेशक ने किया स्थलीय निरीक्षण

टिहरी। ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के तहत प्रतापनगर विकासखंड में संचालित विभिन्न ग्रामीण उद्यमों का परियोजना निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण ज्योति ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने महिला समूहों द्वारा संचालित मुर्गीपालन, धूप-अगरबत्ती निर्माण, तैयार वस्त्र विक्रय, भोजनालय और दुग्ध डेयरी इकाइयों की प्रगति, आय और संचालन व्यवस्था की जानकारी ली।
उन्होंने उड़ान स्वायत्त सहकारी समिति मोटणा की मुर्गीपालन इकाई, ओखला के निर्माणाधीन संग्रहण केंद्र, उन्नति सहकारिता ओनाल गांव की धूप-अगरबत्ती इकाई, मिलन सहकारिता पनियाला के वस्त्र विक्रय केंद्र, लंबगांव के भोजनालय और शक्ति सहकारिता माजफ की डेयरी इकाई का निरीक्षण किया। परियोजना निदेशक ने उद्यमों को अधिक लाभकारी बनाने, गुणवत्ता बनाए रखने और उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग के निर्देश दिए। बाद में समीक्षा बैठक में उन्होंने महिला समूहों की आय में स्थायी वृद्धि और अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
