ग्रामीण महिला उद्यमियों और युवाओं को व्यवसाय विस्तार का मिला मार्गदर्शन

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आईआईएम काशीपुर के फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट की ओर से उत्तराखंड ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना के सहयोग से ब्लॉक सभागार कर्णप्रयाग में एक दिवसीय उद्यमिता बूट कैंप आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, स्टार्टअप प्रतिनिधियों और युवाओं को व्यवसाय विकास, नवाचार, बाजार विस्तार एवं उद्यम संचालन के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया गया।
आईआईएम काशीपुर फीड के बिजनेस मैनेजर गिरधर सिंह बिष्ट और मनमोहन सिंह ने प्रतिभागियों को संस्थान के कार्यक्रमों, स्टार्टअप के अवसरों तथा नए व्यावसायिक विचारों को विकसित करने की जानकारी दी। विभिन्न उद्यमियों ने अपने बिजनेस आइडिया और मॉडल प्रस्तुत किए, जिन पर विशेषज्ञों ने सुझाव दिए। कार्यक्रम में स्थानीय उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में सहायक हैं।
