आज से होगी मिलेट्स की खरीद, 250 केंद्रों पर 52.05 रुपये किलो में खरीदा जाएगा मंडुवा

देहरादून। उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) की ओर से मिलेट्स मिशन के तहत 1 अक्टूबर से प्रदेशभर में मिलेट्स की खरीद शुरू की जाएगी। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के अनुसार इस फसली वर्ष 250 क्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों से मंडुवा, झंगोरा, तिलहन, चौलाई और दालों सहित अन्य पहाड़ी उत्पादों की खरीद की जाएगी। मंडुवा 52.05 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा, जबकि अन्य उत्पादों की खरीद बाजार मूल्य के आधार पर होगी।
यूसीएफ के प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ल के अनुसार पिछले वर्ष 214 केंद्रों से खरीद की गई थी, इस बार 36 अतिरिक्त केंद्र स्थापित किए गए हैं। खरीदे गए उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन भी किया जाएगा। भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में 11,153 किसानों से 53,860.652 कुंतल मंडुवा खरीदा गया था। पिछले वर्ष मंडुवा का खरीद मूल्य 48.86 रुपये प्रति किलो था। इसके अलावा यूसीएफ हाट के माध्यम से स्थानीय उत्पादों की खरीद और विपणन को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
