एसआईआर के बाद टिहरी में मतदाताओं की संख्या बढ़कर हुई 4,66,638

टिहरी। अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में मंगलवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों की अंतिम निर्वाचक नामावली 3 अक्टूबर को प्रकाशित की गई। 14 जुलाई को प्रकाशित प्रारूप सूची में 4,63,628 मतदाता थे, जो अंतिम सूची में बढ़कर 4,66,638 हो गए हैं। इनमें 2,43,051 पुरुष, 2,23,583 महिला और चार तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं।
विधानसभा क्षेत्रवार भी मतदाताओं की संख्या में वृद्धि हुई है। राजनीतिक दलों को अंतिम सूची की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि सूची संबंधित कार्यालयों और मतदेय स्थलों पर उपलब्ध है तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर ऑनलाइन भी देखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची निरंतर अद्यतन रहेगी। 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिक निर्धारित प्रक्रिया से आवेदन कर सकते हैं।
