दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के संचालन की कवायद तेज, संस्थाओं के प्रस्तावों पर मंथन

टिहरी। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) के संचालन को लेकर जिला प्रबंधन समिति की बैठक हुई। बैठक में विभिन्न स्वैच्छिक संस्थाओं से प्राप्त अभिरुचि प्रस्तावों की पात्रता, अनुभव, संसाधनों और निर्धारित मानकों के आधार पर समीक्षा की गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रेष्ठा भाकुनी ने बताया कि केंद्र के माध्यम से दिव्यांगजनों को पुनर्वास एवं परामर्श, दिव्यांगता आकलन, सहायक उपकरण, फिजियोथेरेपी, चिकित्सकीय सेवाएं, कौशल विकास, स्वरोजगार मार्गदर्शन तथा सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था की जाएगी। संस्थाओं ने केंद्र संचालन की कार्ययोजना और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016, सोसायटी पंजीकरण अधिनियम तथा दर्पण पोर्टल पर पंजीकरण सहित आवश्यक मानकों की जानकारी ली। समिति ने प्रस्तावों पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई पर सहमति जताई। बैठक में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, सीएमओ डॉ. राम प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
