डीएम ने किया जिला कोषागार का अर्धवार्षिक निरीक्षण, पेंशन प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को जिला कोषागार का अर्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने डबल लॉक कक्ष, पेंशन अनुभाग, पीपीओ पटल और अभिलेखागार का निरीक्षण करते हुए स्टांप, पैडलॉक, बहुमूल्य पंजिका, अभिलेख और स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। अभिलेख एवं स्टॉक व्यवस्थित मिलने पर उन्होंने संतोष जताया और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता भी देखी।
पेंशन अनुभाग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने आईएफएमएस में लंबित मामलों की नियमित समीक्षा तथा अनावश्यक विलंब करने वाले विभागों की जिम्मेदारी तय करने को कहा। उन्होंने पेंशन संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए गठित पेंशन सेल को सक्रिय रखने और लंबित प्रकरणों की मासिक समीक्षा के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।
