दीपावली पर पौड़ी पुलिस अलर्ट, बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग
श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली पर्व के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पौड़ी पुलिस सतर्क है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही हैं।
इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की जा रही है। प्रमुख चौराहों के साथ जनपद के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें अलर्ट हैं। पुलिस व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील कर रही है। त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात सुचारु रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
