डाकपत्थर महाविद्यालय में हर्बल वाटिका का शुभारंभ

विकासनगर। वीर शहीद केसरी चंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय डाकपत्थर में पर्यावरण संरक्षण और औषधीय वनस्पतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हर्बल वाटिका का शुभारंभ किया गया। प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी ने वाटिका का उद्घाटन किया। वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. उमेश चंद मैठानी ने बताया कि वाटिका में तुलसी, एलोवेरा, तेजपत्ता, लेमनग्रास, गुलाब और मिंट सहित विभिन्न औषधीय पौधे लगाए गए हैं। विद्यार्थियों को पौधों की पहचान, उपयोग और औषधीय महत्व की व्यावहारिक जानकारी मिलेगी। महाविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि वाटिका प्रयोगात्मक अध्ययन के साथ जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता विकसित करने में सहायक होगी।
