छात्रों को दी साइबर अपराध और नशे से बचाव की जानकारी

रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज ऊखीमठ में करियर मार्गदर्शन एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऊखीमठ मनोज नेगी ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
रिन्यू पावर कंपनी, बेडुबगड़ और सृष्टि ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन देने के साथ उन्हें ऑनलाइन अपराधों के प्रति जागरूक करना था। पुलिस अधिकारी ने छात्रों को ऑनलाइन ठगी, साइबर अपराध और संदिग्ध लिंक एवं डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को सिंथेटिक ड्रग्स के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा संबंधी बुकलेट भी वितरित की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य विश्वनाथ बेंजवाल, शिक्षक, रिन्यू पावर कंपनी के वक्ता देवेंद्र रावत एवं पीयूष मैठानी सहित करीब 150 छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। रुद्रप्रयाग पुलिस की ओर से युवाओं को साइबर अपराध और नशे के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं।
