छात्र-छात्राओं को दिलाई नशामुक्ति की शपथ

लंबगांव। शांतिकुंज विश्व तीर्थ गायत्री परिवार की ओर से राजकीय महाविद्यालय लंबगांव सहित राजकीय इंटर कॉलेज मधनेगी, गालूड़धार और ओखला में नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता गोष्ठियां आयोजित की गईं। अभियान संयोजक देवी सिंह पंवार ने छात्र-छात्राओं को शराब, गांजा, बीड़ी, सिगरेट, खैनी समेत अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा समाज को दीमक की तरह खोखला कर रहा है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को संवारने और समाज को बेहतर बनाने में योगदान देना चाहिए। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में गायत्री परिवार के सदस्यों, शिक्षकों एवं अन्य गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया।
