बुलाकीवाला गांव में गौशाला में घुसा गुलदार, बकरी को बनाया निवाला
विकासनगर। क्षेत्र के बुलाकीवाला गांव में गुलदार की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि देर रात गुलदार मोहम्मद शोएब पुत्र मोहम्मद हसन की गौशाला में घुस गया और वहां बंधी बकरी को अपना शिकार बना लिया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए।
ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में पहले भी गुलदार की आवाजाही देखी जाती रही है, जिससे लोग अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। वन रेंज अधिकारी पंकज ध्यानी ने ग्रामीणों से शाम और रात के समय विशेष सावधानी बरतने तथा मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की। टीम में वन दरोगा राजू राणा, वन आरक्षी इंतजार, बीट सहायक शांति चौहान आदि मौजूद रहे।
