बिल्केश्वर क्षेत्र में बेहतर होगी पैदल आवाजाही, जताया सरकार का आभार


हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत बिल्केश्वर क्षेत्र में किए जा रहे अवस्थापना विकास कार्यों को लेकर बिल्केश्वर कॉलोनी के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मेलाधिकारी सोनिका से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सड़क, फुटपाथ और सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना करते हुए राज्य सरकार का आभार जताया तथा क्षेत्र में सुविधाओं के और विस्तार का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर-मां मंसा देवी मार्ग तक विकसित किया जा रहा पैडेस्ट्रियन फ्रेंडली फुटपाथ स्थानीय नागरिकों के साथ श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक पैदल आवागमन सुनिश्चित करेगा। इससे क्षेत्र को मॉर्निंग वॉक के बेहतर गंतव्य के रूप में भी विकसित किया जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि करीब 6,500 मीटर लंबाई के इस फुटपाथ के लिए 7.84 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं। कार्य में रेज्ड फुटपाथ, दोनों ओर पेव्ड शोल्डर्स, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण, मां मंसा देवी मार्ग का सुधारीकरण, केसी नालियां और आवश्यक स्थानों पर सड़क निर्माण शामिल है। मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ की तैयारियों में श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों की दीर्घकालीन सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है। कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। प्रतिनिधिमंडल में अंजना चड्ढा, महेंद्र अरोड़ा, संजीव वर्मन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!