बिजली, पानी और शौचालय को तरस रहे आंगनबाड़ी के नौनिहाल

कीर्तिनगर/श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर विकासखंड के जाखनी आंगनबाड़ी केंद्र में नौनिहाल बुनियादी सुविधाओं के अभाव में विद्यालय पूर्व शिक्षा लेने को मजबूर हैं। केंद्र में पंखे लगे होने के बावजूद बिजली कनेक्शन नहीं है। पानी की टंकियां होने के बावजूद जल संयोजन नहीं किया गया है, जबकि शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व सैनिक बलवीर सिंह कैन्तुरा ने व्यवस्थाओं पर चिंता जताते हुए जल्द सुधार की मांग की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से बिजली कनेक्शन के संबंध में पूछने पर आवेदन किए जाने की बात कही जाती है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
