गढ़वाल विवि के फर्जी दस्तावेज मामले में तीसरा आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार

श्रीनगर गढ़वाल। एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम फर्जी अंकतालिका, डिग्री, मोहर और अधिकारियों के हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने तीसरे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मनजीत सिंह को बसंत विहार, साउथ दिल्ली से पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फर्जी बीबीए अंकतालिका और डिग्री बनवाई थी और इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर एक कंपनी में मैनेजर की नौकरी कर रहा था। मामले में इससे पहले कासिफ कलीम और देवांश पांडे गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
