बदहाल सड़क के गड्डढों में पौधारोपण कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / भुवन बिष्ट
रानीखेत। पर्यटन नगरी रानीखेत की मुख्य बाजार की सड़क लंबे समय से बदहाल है जगह जगह सड़क में बने गड्ढे सभी के लिए मुसीबत बने हुए हैं। मुख्य बाजार की सड़क विजय चौक रोडवेज स्टेशन सहित सोमनाथ मैदान के पास व रायस्टेट से घिंघारीखाल तक सड़क की स्थिति बहुत ही दयनीय है। रोडवेज स्टेशन से विजय चौक तक मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति के विरोध में रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क के गड्ढों में पौधारोपण कर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जहां भाजपा के क्षेत्रीय विधायक सोशल मीडिया पर आकर विकास कार्यों का गुणगान करने में लगे हुए हैं वहीं रानीखेत शहर की मुख्य सड़क इतनी ज्यादा बदहाल हो चुकी है कि गाड़ियों का चलना तो दूर लोगों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति सरकार के विकास के दावों की जमीनी हकीकत को बयां कर रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि लंबे समय से सड़क की दुर्दशा के कारण स्थानीय जनता व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से सड़क की सुध नहीं ली जा रही है। उन्होंने मांग की कि केमू स्टेशन से विजय चौक तक सड़क का शीघ्र सुधारीकरण एवं निर्माण कार्य कराया जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सड़क की स्थिति में जल्द सुधार नहीं किया गया तो जनहित के इस मुद्दे को लेकर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कार्यक्रम में महिला नगर अध्यक्ष नेहा माहरा कोऑर्डिनेटर कुलदीप कुमार यूथ विधानसभा अध्यक्ष अंकिता पंत महासचिव कुसुम जोशी जिला प्रवक्ता दीपक पंत वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीप उपाध्याय विजय तिवारी मीडिया प्रभारी सोनू सिद्दीकी जीतन जयाल संदीप बंसल त्रिलोक आर्या रमेश पंत सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
