बारिश-बर्फबारी के बीच डीएम ने स्मार्ट कंट्रोल रूम से लिया जायजा

उत्तरकाशी। लगातार बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न तहसीलों से बारिश, भूस्खलन और मार्गों की स्थिति की जानकारी लेते हुए सभी संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की व्यवस्थाओं की लाइव सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की गई। जिलाधिकारी ने ट्रैकिंग पर गए लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू की तैयारी रखने को कहा। एनएच, बीआरओ, लोनिवि और पीएमजीएसवाई को बंद मार्गों को तत्काल खोलने के लिए पर्याप्त मशीनरी व मैनपावर तैनात रखने के निर्देश दिए। मौसम को देखते हुए चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षित वापसी और ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
