मसूरी रोड के संवेदनशील प्वाइंट्स का डीएम ने किया निरीक्षण, बनेगी डीपीआर


देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मसूरी रोड के पानीवाला बैंड, ग्लोगी सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क, पहाड़ी ढलानों, जल निकासी और भूस्खलन की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग को संवेदनशील क्षेत्रों का तकनीकी परीक्षण कर स्थायी समाधान के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए। डीपीआर में ढलान सुरक्षा, जल निकासी, रिटेनिंग एवं प्रोटेक्शन कार्यों सहित आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय शामिल करने को कहा। उन्होंने वर्षाकाल में मसूरी रोड की 24 घंटे निगरानी, पर्याप्त मशीनरी की उपलब्धता और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भूस्खलन या मलबे से मार्ग बाधित होने पर जेसीबी, पोकलैंड और डंपर की मदद से तत्काल सड़क खोलने को कहा। नालियों, पुलियों और भूमिगत जल निकासी की नियमित सफाई के साथ चेतावनी संकेतक दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। जिला आपदा कंट्रोल रूम, तहसील और ब्लॉक स्तरीय कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने तथा राजस्व टीमों को नियमित भ्रमण कर क्षति का आकलन करने को कहा। डीएम ने लोगों से भारी बारिश में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!