नशे के खिलाफ प्रशासन सख्त, 208 मुकदमे दर्ज, 237 अभियुक्त जेल भेजे

देहरादून। नशे के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज करते हुए वर्ष 2026 में अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 208 मुकदमे दर्ज कर 237 अभियुक्तों को जेल भेजा है। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जिला स्तरीय नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन समिति की बैठक में नशे की सप्लाई चेन तोड़ने और अवैध नशामुक्ति केंद्रों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मोथरोवाला में बिना पंजीकरण संचालित नशामुक्ति केंद्र की शिकायत पर डीएम ने उसे तत्काल सीज करने के आदेश दिए। सभी केंद्रों की निगरानी के लिए ऑनलाइन डैशबोर्ड बनाने तथा एसडीएम को नियमित निरीक्षण के निर्देश दिए गए। कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में औचक निरीक्षण, रैंडम सैंपलिंग, ई-शपथ और एंटी ड्रग्स कार्यशालाएं आयोजित करने को कहा गया। पुलिस को जीआईएस आधारित विश्लेषण से हॉटस्पॉट चिह्नित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी, दवा एवं स्टॉक रजिस्टर की जांच तथा छात्रावासों, पीजी और कोचिंग संस्थानों में निगरानी बढ़ाने को कहा। औषधि विभाग ने जुलाई तक 58 निरीक्षण और 15 नमूने लिए जाने की जानकारी दी। वहीं 75 बेड के राजकीय नशामुक्ति केंद्र के लिए 775.09 लाख की डीपीआर भेजी गई है, जबकि पहली किस्त के रूप में 132 लाख रुपये अवमुक्त हुए हैं।
