बनचौंरा क्षेत्र में रोस्टिंग और अनियमित विद्युत आपूर्ति से उपभोक्ता परेशान


उत्तरकाशी। चिन्यालीसौड़ विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच ने श्रीकोट इंटर कॉलेज और ज्येष्ठवाड़ी बाजार में उपभोक्ता शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए। शिविर में लो वोल्टेज, अनियमित विद्युत आपूर्ति, मनमानी रोस्टिंग, बिलिंग और मीटर रीडिंग से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराई गईं। उपभोक्ताओं ने बिष्ट, दशगी और हातड़ पट्टी के करीब 65 गांवों के लिए बनचौंरा क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन स्थापित करने की मांग की।
श्रीकोट में अमरचंद के खराब मीटर को बदलने के निर्देश दिए गए। वहीं कई उपभोक्ताओं ने अधिक बिल, गलत रीडिंग और समय पर बिल नहीं मिलने की शिकायत की। ज्येष्ठवाड़ी में उपभोक्ताओं ने बिजली लाइनों को सुरक्षित करने और विभिन्न क्षेत्रों में बंच केबल लगाने की मांग उठाई। मंच ने विभाग को समय पर मीटर रीडिंग, बिल जारी करने, खराब मीटर बदलने और खतरनाक विद्युत लाइनों को सुरक्षित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!